Home Crime यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार,...

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा पांच दिन की रिमांड पर

169
0

हिसार | यूट्यूब चैनल ‘Travel with Jyo’ चलाने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से जुड़े होने और संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन क्षेत्र से हुई है। आरोपी के खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।

ज्योति के यूट्यूब चैनल पर करीब 3.77 लाख सब्सक्राइबर हैं और वह अक्सर अंतरराष्ट्रीय यात्रा से जुड़ी सामग्री पोस्ट करती थी। जांच में सामने आया है कि वह दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थी। भारत सरकार ने 13 मई को इस पाकिस्तानी अधिकारी को देश से निष्कासित कर दिया था।

पाकिस्तान दौरे के दौरान संपर्क में आई एजेंटों से

एफआईआर के अनुसार, ज्योति वर्ष 2023 में वीजा के लिए पाकिस्तान उच्चायोग गई थी, जहां वह दानिश से मिली। बाद में वह अली अहवान नाम के एक व्यक्ति के जरिए पाकिस्तान यात्रा पर गई, जिसने वहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों शाकिर और राणा शाहबाज से कराई। शक से बचने के लिए शाहबाज का नाम फोन में ‘जट रंधावा’ के नाम से सेव किया गया था।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर होती थी बातचीत

पुलिस का कहना है कि ज्योति व्हाट्सएप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में थी और उन्हें भारत की गोपनीय जानकारियां मुहैया करवा रही थी।

इससे पहले भी सामने चुके हैं ऐसे मामले

ज्योति की गिरफ्तारी से एक दिन पहले, कैथल से एक 25 वर्षीय पोस्टग्रेजुएट छात्रा को भी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वहीं गुहला (कैथल) निवासी देवेंद्र सिंह को सोशल मीडिया पर हथियारों की तस्वीरें पोस्ट करने के मामले में पकड़ा गया था। कुछ दिन पहले पानीपत से भी नोमान इलाही नामक युवक को इसी तरह की देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

हरियाणा पुलिस और खुफिया एजेंसियां इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच कर रही हैं। ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ा खुलासा माना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here