Home Crime सोनीपत में क्रिप्टो निवेश विवाद खूनी झड़प में बदला, महिला की आंख...

सोनीपत में क्रिप्टो निवेश विवाद खूनी झड़प में बदला, महिला की आंख गंभीर घायल

7
0

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में क्रिप्टोकरेंसी निवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि सात लोगों ने एक परिवार के घर में घुसकर हमला किया, जिसमें 62 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले में महिला की आंख पर बंदूक की बट से वार किए जाने का आरोप है। घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता उर्मिला, जो देवनगर ककरोई रोड की रहने वाली हैं, ने आरोप लगाया कि शाम करीब छह बजे सात लोग उनके घर पहुंचे। शुरुआत में पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और पूरे परिवार के साथ मारपीट की।

उर्मिला के अनुसार, एक आरोपी ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, फिर उनकी छाती पर पैर रखकर कपड़े फाड़ दिए और बंदूक की बट से आंख पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। उनका कहना है कि यदि पड़ोसी बीच-बचाव के लिए नहीं आते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हमले में उनके पति शिवचरण को सिर, चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बेटे अभिनव और बहू प्रिया के साथ भी मारपीट की गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले सिविल अस्पताल तथा बाद में गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पैसों और कमीशन को लेकर बहस के बाद मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला पुलिस को बुलाने की गुहार लगाती सुनाई देती है, जबकि कई लोग उनके परिवार के साथ हाथापाई करते नजर आते हैं।

पीड़ित परिवार के अनुसार, वर्ष 2023 में गोहाना निवासी एक व्यक्ति के माध्यम से करीब 8 लाख रुपये क्रिप्टोकरेंसी में निवेश किए गए थे। हर महीने तीन प्रतिशत रिटर्न का भरोसा मिलने पर परिवार के अन्य रिश्तेदारों ने भी लाखों रुपये निवेश किए। शुरुआत में भुगतान मिलता रहा, लेकिन वर्ष 2025 से रिटर्न बंद हो गया। इसके बाद निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसी लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ा और हमला किया गया।

परिवार ने प्रमोद उर्फ मनसा, दिनेश, गीता, ममता समेत सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य भी सौंपे गए हैं।

सोनीपत सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि मामला आर्थिक लेनदेन से जुड़ा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here