महेंद्रगढ़ | बीजेपी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष यतेंद्र यादव के खिलाफ एक विवादित पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से लिखा गया बताया जा रहा है, जिसमें यादव की नियुक्ति को गलत ठहराते हुए उन्हें भ्रष्ट, दागी और विवादित करार दिया गया है।
पत्र में किसी कार्यकर्ता या वरिष्ठ नेता का नाम नहीं है, लेकिन अंत में इसे सभी कार्यकर्ताओं की ओर से लिखा गया बताया गया है। पत्र में आरोप लगाए गए हैं कि यतेंद्र यादव की पत्नी पर चर्चित नीतीश कटारा हत्याकांड की मुख्य आरोपी होने के साथ-साथ उनके पिता पर सरकारी दफ्तरों में अवैध वसूली का आरोप है। वहीं, एंटी करप्शन ब्यूरो ने उनके पिता को रिश्वत लेते हुए दो बार गिरफ्तार भी किया है। साथ ही, उत्तर प्रदेश में भी उनके खिलाफ जमीनों पर कब्जा करने के मामले चल रहे हैं।
यतेंद्र यादव ने इन आरोपों को साजिश करार देते हुए कहा कि यह उन्हें बदनाम करने के लिए रची गई एक योजना है। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष बनने के बाद कुछ लोगों को उनकी नियुक्ति पच नहीं रही है। यादव ने आरोप लगाया कि यह सब उन लोगों की कारस्तानी है जो नौकरी लगवाने की दलाली करते हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में मानहानि का दावा करेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।







