Home Haryana साढौरा में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने पहुंची नगरपालिका टीम पर हमला,...

साढौरा में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने पहुंची नगरपालिका टीम पर हमला, सचिव समेत तीन घायल

6
0

साढौरा | यमुनानगर जिले के साढौरा में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने पहुंची नगरपालिका की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कब्जाधारकों ने नगरपालिका सचिव समेत कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन पर ईंट-पत्थर बरसाए। इस घटना में सचिव नितिन वत्स, पटवारी रुस्तम अली और एक अन्य कर्मचारी घायल हो गए। घटना से नाराज नगरपालिका कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

नगरपालिका सचिव नितिन वत्स ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने की सूचना मिलने के बाद वह पटवारी रुस्तम अली, विक्रम और अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। टीम ने जब निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया तो साढौरा निवासी राममूर्ति और उसके परिजनों के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कब्जाधारकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन पर ईंट-पत्थर भी फेंके गए।

हमले में सचिव, पटवारी और एक अन्य कर्मचारी को चोटें आईं। मारपीट के दौरान कर्मचारियों के कपड़े भी फट गए। इसके बाद घायल कर्मचारियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। सचिव ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने न केवल सरकारी कर्मचारियों को चोट पहुंचाई, बल्कि उनकी सरकारी ड्यूटी में भी बाधा डाली।

नितिन वत्स के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को सरकारी जमीन पर कब्जा करने से रोकने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। इसके बावजूद छुट्टियों के दौरान जमीन पर नींव भरने और निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर नगरपालिका की टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची थी।

वहीं, थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि नगरपालिका की शिकायत पर सात नवंबर को संबंधित पक्ष को थाने बुलाया गया था। उस समय उन्होंने लिखित में आश्वासन दिया था कि सरकारी जमीन पर आगे कोई निर्माण नहीं किया जाएगा। एसएचओ के मुताबिक, वीरवार को नगरपालिका कर्मचारियों ने पुलिस से सुरक्षा मांगे बिना अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू की थी। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के विरोध में नगरपालिका कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में धरना देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here