यमुनानगर | यमुनानगर जिले के साढौरा क्षेत्र के गांव सरावां में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से छह वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बच्चे का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपी चालक को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक गुरमीत दूसरी कक्षा का छात्र था। शाम वह रोजाना की तरह ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था। जब वह गांव के बस स्टैंड के पास सड़क किनारे चल रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद कार चालक बच्चे को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने वाहन का पीछा कर चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह उनके हाथ नहीं आया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बच्चे का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि फरार चालक को मौके पर बुलाया जाए और उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी लखविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भेज दिया।
थाना प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि फरार कार का नंबर ट्रेस कर लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। इस हादसे ने गांव में शोक की लहर पैदा कर दी है। वहीं, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।




