अम्बाला : चन्द्रिका (TSN)-मनु भाकर और सरबजोत सिंह की जोड़ी ने आज ओलंपिक खेलों में भारत की झोली में दूसरा मेडल डाला है।पैरिस ओलंपिक 10 मीटर शूटिंग में सर्वजोत और मनु भाकर ने जीत हासिल कर हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। मनु भाकर एक ओलंपिक में 2 मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गई है। वहीं अंबाला के छोटे से गांव धीन के सरबजोत ने भी पहली बार अंबाला की झोली में ओलंपिक मेडल डाला है।
दोनों खिलाड़ियों की इस जीत पर पूरे देश में खुशी की लहर है. वहीं इस जीत का जश्न अंबाला स्थित सार्वजोत की अकेडमी में धूम धाम से मनाया गया। नाच गा कर, एक दूसरे को लड्डू खिला कर इस जीत का जश्न मनाया गया है।सर्वजोत के पिता की खुशी चरम पर है. उन्होंने कहा कि ये बहुत ही गर्व की बात है उनका बेटा कभी खाली हाथ वापिस नहीं आता और आज भी मेडल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि सर्वजोत के वापिस आने पर पूरे धूम धाम से उनका स्वागत किया जाएगा और इस खुशी के मौके पर उन्होंने सभी को बधाई भी दी। वही सर्वजोत के जूनियर कोच ने बताया कि उनकी जीत की खुशी धूम धाम से मनाई जा रही है और एक दूसरे को मिठाई खिला कर ये जश्न मनाया जा रहा है।
मंत्री असीम गोयल ने दोनों खिलाड़ियों और उनके परिजनों को दी बधाई
अंबाला शहर से विधायक एवं हरियाणा के परिवहन मंत्री असीम गोयल ने दोनों खिलाड़ियों और उनके परिजनों को बधाई दी है। असीम गोयल ने कहा कि सरबजोत ने अंबाला का गौरव बढ़ाया है तो वहीं मनु ने पूरे देश में बेटियों के लिए मिसाल पेश की है। मनु पहली भारतीय बनी है जिन्होंने एक ओलंपिक में दो मेडल जीते हैं। असीम गोयल ने दोनों खिलाड़ियों के परिजनों को भी बधाई दी ।






