पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। पिहोवा में एक जूस की दुकान पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुकान के अंदर करीब छह फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। लगभग 10 किलोग्राम वजनी अजगर दुकान के पिछले हिस्से में बने एक बिल में जाकर छिप गया। उसे बाहर निकालने के लिए दुकान के कर्मचारियों को करीब 45 मिनट तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार बिल के आसपास खुदाई कर और अजगर पर कपड़ा डालकर उसे काबू किया गया।
जानकारी के अनुसार, गढ़ी सिंघा निवासी 40 वर्षीय मनजीत सिंह जूस पीने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान दुकान में घुस रहे अजगर पर अचानक उनका पैर पड़ गया। अजगर को देखते ही मनजीत सिंह घबरा गए और तुरंत अपना पैर पीछे खींच लिया। दुकान के अंदर विशालकाय अजगर दिखाई देने से दुकानदार, कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों में दहशत फैल गई।
अजगर को पकड़ने के लिए दुकान के कर्मचारियों ने प्रयास शुरू किए, लेकिन वह दुकान के पिछले कोने में बने एक बिल में घुस गया। कर्मचारियों ने उसे पीछे से पकड़कर बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन उसका अधिकांश हिस्सा बिल के अंदर होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद कर्मचारियों ने बिल के आसपास खुदाई शुरू की, ताकि अजगर को बाहर निकालने का रास्ता बनाया जा सके।
करीब पौने घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को बिल से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उस पर कपड़ा डालकर उसे सुरक्षित तरीके से काबू किया गया। बाद में अजगर को दुकान से बाहर ले जाकर ड्रेन की पटरी के पास छोड़ दिया गया। अजगर के पकड़े जाने के बाद दुकानदार और ग्राहकों ने राहत की सांस ली।





