कैथल | कैथल जिले के रेलवे गेट के पास स्थित बीच बाजार में चौशाला निवासी एक युवक, कुलबीर सिंह पर छह से सात लोगों ने चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कुलबीर को इलाज के लिए हिसार ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर कुलबीर पर लगातार चाकुओं से वार कर रहे हैं, वहीं दूसरी क्लिप में वे घटनास्थल से भागते नजर आते हैं। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भूप सिंह मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर भाग निकले। हालांकि, मौके से एक वाहन पुलिस के कब्जे में आया है, जिससे जांच में मदद मिलने की संभावना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जहां पुलिसकर्मी ने साहसिकता दिखाई, वहीं आसपास मौजूद दुकानदार तमाशबीन बने रहे और किसी ने घायल युवक की मदद नहीं की। कई लोग घटना का वीडियो बनाते रहे, लेकिन सहायता के लिए आगे नहीं आए।
घायल अवस्था में कुलबीर को पहले कैथल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे हिसार रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक हमले के दौरान कुलबीर के पैरों और सिर पर गंभीर चाकू के घाव लगे थे, जिससे उसकी टांगों की नसें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
इकलौता बेटा था कुलबीर
कुलबीर के पिता सलिंद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता वारिस था और वह अपने एक दोस्त के साथ बाजार में सामान खरीदने गया था, जहां यह हमला हुआ। परिवार और क्षेत्र में इस वारदात के बाद गम और गुस्से का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।







