अम्बाला-:हरियाणा के ऊर्जा,परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के नेतृत्व और कार्यशैली से प्रभावित होकर अम्बाला छावनी में भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिली है। नगर परिषद अम्बाला सदर के वार्ड नंबर छह के पार्षद संदीप शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।उनके साथ इसी वार्ड से आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके आशुतोष ने भी पार्टी का दामन थाम लिया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने भाजपा में शामिल होकर पार्टी के प्रति अपना समर्थन जताया।भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्षद मदनलाल शर्मा तथा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विकास बहगल के नेतृत्व में पार्टी में शामिल हुए नेताओं और उनके समर्थकों का अनिल विज ने अपने निवास पर स्वागत किया। उन्होंने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा परिवार में शामिल किया।
इस मौके पर अनिल विज ने कहा कि भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है। वार्ड नंबर छह के पार्षद संदीप शर्मा और आशुतोष सहित बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी से जुड़ना संगठन के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का मुख्य उद्देश्य विकास और जनसेवा है।
विकास को बताया राजनीति का मूल उद्देश्य
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अम्बाला छावनी में आज दिखाई देने वाला बदलाव किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और आम जनता के सहयोग का परिणाम है। भाजपा जात-पात और क्षेत्रवाद की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ती है।उन्होंने कहा कि जब वह वर्ष 1971 में पार्टी से जुड़े थे, तब उन्हें राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर काम करने की सीख मिली थी। उन्होंने इसी विचारधारा के साथ जनता के बीच रहकर काम किया है। अम्बाला छावनी में पहले की तुलना में हुए बदलाव सामूहिक प्रयासों का नतीजा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से अम्बाला को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए अनिल विज ने मशहूर पंक्ति, “मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंज़िल मगर, लोग मिलते गए और कारवाँ बनता गया” का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों का साथ ही किसी भी अभियान को मजबूती प्रदान करता है।
संदीप शर्मा ने अनिल विज को बताया अपना राजनीतिक गुरु
भाजपा में शामिल हुए पार्षद संदीप शर्मा ने कहा कि वह अनिल विज की कार्यशैली और भाजपा की नीतियों से प्रभावित हैं।उन्होंने अनिल विज को अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि अम्बाला में हुए विकास कार्यों ने उन्हें पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।उन्होंने कहा कि वह पहले भी जनहित के कार्य करते रहे हैं और अब अनिल विज के नेतृत्व में काम करते हुए जनता की सेवा करेंगे। संदीप शर्मा के अनुसार,उनके साथ सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।उन्होंने अनिल विज के साथ मिलकर काम करने को अपने लिए बेहतर अनुभव बताया।वहीं, भाजपा में शामिल हुए आशुतोष ने भी पार्टी की विचारधारा और अनिल विज के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए संगठन के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही।







