भिवानी। भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव जमालपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की लाठी-डंडों से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात देर रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान गांव निवासी करीब 22 वर्षीय शुभम के रूप में हुई है। परिजनों ने इस हत्याकांड में छह से सात युवकों पर शामिल होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुभम देर रात अपने एक दोस्त के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते शुभम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
गंभीर हालत में शुभम को देर रात जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक छा गया।
सूचना मिलने पर बवानीखेड़ा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश के पहलू और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।




