Home Crime पलवल में कपड़ा व्यापारी पर दिनदहाड़े हमला, हथौड़ों-डंडों से पीटकर हमलावर फरार

पलवल में कपड़ा व्यापारी पर दिनदहाड़े हमला, हथौड़ों-डंडों से पीटकर हमलावर फरार

3
0

सुन्दर कुंडू , पलवल  | पलवल के कैंप थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को गाड़ी से बाहर खींचकर हथौड़ों और डंडों से बेरहमी से पीटा तथा मौके से फरार हो गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

घायल युवक की पहचान बसंत विहार कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय सिकंदर डागर के रूप में हुई है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बस अड्डा के पास ‘डागर ट्रेलर्स’ नाम से दुकान है। सुबह करीब 7:45 बजे वह अपनी गाड़ी से दुकान जा रहा था। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास एक स्विफ्ट कार ने उसकी गाड़ी को रोक लिया।

सिकंदर के अनुसार कार से 3 से 4 युवक उतरे, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। इसी बीच नीले रंग की यामाहा स्कूटी पर सवार दो अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में हथौड़े, डंडे और एक युवक के पास देसी कट्टा भी था।

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे गाड़ी से बाहर खींचकर बुरी तरह पीटा। एक हमलावर ने उसके सिर पर हथौड़े से वार करने की कोशिश की, लेकिन उसने हाथ लगाकर खुद को बचा लिया। मारपीट के दौरान हमलावरों ने धमकी दी कि यदि भविष्य में मंत्री गौरव गौतम के खिलाफ कोई वीडियो सोशल मीडिया पर डाली गई तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

सिकंदर डागर ने आरोप लगाया कि वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बंटी और प्रवीण की थी, जबकि कार में अन्य अज्ञात युवक सवार थे।

घायल हालत में सिकंदर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में उसे बयान देने के लिए अयोग्य बताया था। बाद में स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसका बयान दर्ज किया गया।

मेडिकल रिपोर्ट में दोनों हाथों, पैरों और बाजू में गंभीर चोटों समेत कुल आठ चोटों की पुष्टि हुई है। कैंप थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here