Home Haryana खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत, कुरुक्षेत्र-फुलेरा के बीच चलेगी अनारक्षित...

खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत, कुरुक्षेत्र-फुलेरा के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

16
0

कैथल। राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम धाम के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने विशेष सुविधा शुरू की है। देवउठनी एकादशी और खाटू श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर कुरुक्षेत्र से फुलेरा के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन हरियाणा के कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी और नारनौल सहित कई शहरों से होकर गुजरेगी। श्रद्धालु इस ट्रेन से राजस्थान के रींगस रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे, जहां से खाटू श्याम धाम जाना आसान होगा। यह विशेष ट्रेन 22 नवंबर तक प्रतिदिन संचालित की जाएगी।

रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04745 कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे रवाना होती है और रात 12:08 बजे कैथल रेलवे स्टेशन पहुंचती है। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 12:10 बजे आगे के लिए रवाना होती है। इसके बाद नरवाना, जींद, जुलाना, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, नीमकाथाना और श्रीमाधोपुर होते हुए अगले दिन सुबह 6:50 बजे रींगस पहुंचती है। रींगस में पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन सुबह 6:55 बजे रवाना होकर 8:30 बजे फुलेरा पहुंचती है।

वापसी में गाड़ी संख्या 04746 फुलेरा-कुरुक्षेत्र अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 19 से 22 नवंबर तक प्रतिदिन चलाई जा रही है। यह ट्रेन फुलेरा से सुबह 8:50 बजे रवाना होकर 10:50 बजे रींगस पहुंचती है। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद 10:55 बजे आगे के लिए रवाना होती है। निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए ट्रेन शाम 5:48 बजे कैथल पहुंचती है। यहां दो मिनट ठहरने के बाद 5:50 बजे कुरुक्षेत्र के लिए रवाना होती है और रात 8 बजे अपने गंतव्य पर पहुंचती है।

इस विशेष ट्रेन में कुल 14 डिब्बे लगाए गए हैं, जिनमें 12 सामान्य श्रेणी के कोच और दो लगेज कोच शामिल हैं। ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित है। इसमें सफर करने के लिए यात्रियों को केवल सामान्य टिकट लेना होगा। सीट आरक्षित कराने की जरूरत नहीं है। श्रद्धालु रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की से सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकते हैं।

रेलवे की ओर से हर साल देवउठनी एकादशी के अवसर पर खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाती है। इस बार भी यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। कैथल रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर सतीश कुमार ने बताया कि ट्रेन कैथल में रात करीब 12 बजे पहुंचती है, जबकि वापसी में शाम पौने छह बजे के आसपास स्टेशन पर पहुंचेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here