अंबाला (अंकुर कपूर)। हरियाणा के यमुनानगर स्थित ऐतिहासिक कपाल मोचन तीर्थ पर 20 नवंबर से शुरू होने जा रहे मेले को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में हरियाणा के अलावा पंजाब और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अंबाला रोडवेज विभाग की ओर से विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।
अंबाला छावनी और नारायणगढ़ बस स्टैंड से 20 नवंबर दोपहर से 24 नवंबर रात तक कपाल मोचन मेले के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। ये बसें साहा, सड़ौरा और बिलासपुर के रास्ते सीधे मेला स्थल तक पहुंचेंगी। इससे श्रद्धालुओं को तीर्थ तक पहुंचने और वापस लौटने में सुविधा मिलेगी।
अंबाला छावनी बस स्टैंड के इंचार्ज रमेश चंद्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड पर करीब 110 बसें उपलब्ध रहेंगी। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया जाएगा। मेले से वापसी के लिए भी बसों की व्यवस्था रहेगी, ताकि श्रद्धालु आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टेंट, पीने के पानी और विशेष सहायता काउंटर की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा परिवहन सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, ताकि मेले के दौरान बसों के संचालन में किसी तरह की बाधा न आए।
रोडवेज विभाग की इस व्यवस्था से कपाल मोचन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।







