पलवल,सुन्दर कुंडू-:पलवल में जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली महाकाल की रसोई ने अपने पांच वर्ष पूरे कर लिए हैं।इस अवसर पर रसोई संचालकों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।महाकाल की रसोई पिछले पांच वर्षों से पलवल शहर में जरूरतमंद लोगों को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।
संस्था का मुख्य उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। रसोई में प्रतिदिन सैकड़ों जरूरतमंद लोग मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन करते हैं।रसोई संचालकों के अनुसार, शुरुआत में जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन कराने की योजना थी। लेकिन साधु-संत समाज के मार्गदर्शन के बाद भोजन की कीमत 10 रुपये निर्धारित की गई।उनका कहना है कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति को यह एहसास कराना है कि वह किसी पर एहसान नहीं ले रहा,बल्कि अपने हक और सम्मान के साथ भोजन कर रहा है।संचालकों ने बताया कि पांच वर्ष पूरे होने के बाद अब महाकाल की रसोई में जरूरतमंदों के लिए सुविधाओं को और बेहतर बनाने की तैयारी है। भोजन करने वाले लोगों को बेहतर माहौल देने के लिए एसी हॉल समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।







