Home Faridabad फरीदाबाद में सरकारी राशन डिपो पर सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, स्टॉक में...

फरीदाबाद में सरकारी राशन डिपो पर सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर डिपो सील

113
0

Faridabad,17 December-:फरीदाबाद के एनआईटी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पर्वतीय कॉलोनी में सरकारी राशन डिपो पर प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। चाचा चौक के समीप स्थित सरकारी राशन डिपो पर देर शाम सीएम फ्लाइंग और फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई क्षेत्र के उपभोक्ताओं की ओर से मिल रही लगातार शिकायतों के बाद की गई, जिनमें राशन कम देने और स्टॉक में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे।

टीम ने मौके पर पहुंचकर डिपो का भौतिक निरीक्षण किया और उपलब्ध स्टॉक का विभागीय रिकॉर्ड से मिलान किया। जांच के दौरान गेहूं और सरसों का तेल रिकॉर्ड के अनुसार पाया गया, लेकिन चीनी के स्टॉक में अनियमितता सामने आई। निरीक्षण में 50 किलो चीनी अतिरिक्त पाई गई, जो रिकॉर्ड में दर्ज नहीं थी। जब डिपो संचालक मोहर सिंह से इस अतिरिक्त चीनी के बारे में पूछताछ की गई, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट ने इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए तुरंत डिपो संचालक को नोटिस जारी किया और डिपो को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। विभाग के इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि इस डिपो को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें मिल चुकी थीं कि लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा है।इन्हीं शिकायतों के आधार पर सीएम फ्लाइंग टीम के साथ संयुक्त जांच की गई।इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने जानकारी दी कि डिपो से जुड़े सभी लाभार्थियों को असुविधा न हो,इसके लिए इस डिपो को नजदीकी किसी अन्य सरकारी राशन डिपो के साथ अटैच किया जाएगा। अब उपभोक्ता वैकल्पिक डिपो से अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर डिपो संचालक के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी राशन डिपो संचालकों को चेतावनी दी कि यदि कोई भी राशन वितरण में गड़बड़ी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

इंस्पेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा राशन वितरण का समय तय किया गया है। सर्दियों में शाम 7 बजे तक और गर्मियों में रात 8 बजे तक ही राशन बांटा जाना चाहिए। तय समय सीमा का उल्लंघन करने वाले डिपो संचालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here