इंद्री | इंद्री क्षेत्र के गांव धनोरा जागीर के पास पश्चिमी यमुना नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों द्वारा नहर में शव को तैरते हुए देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव की गर्दन और एक हाथ कटा हुआ पाया गया, जिससे हत्या की आशंका गहराती जा रही है। शव की हालत देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कई दिन पुराना हो सकता है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
शव को कब्जे में लेकर करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय चिकित्सा संस्थान में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
इंद्री थाना प्रभारी विपिन ने बताया कि गांव के सरपंच द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी कि पश्चिमी यमुना नहर के पुल के नीचे एक व्यक्ति का गली-सड़ी अवस्था में शव पड़ा हुआ है। शव की गर्दन और एक हाथ अलग मिला है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।







