Home Faridabad तिगांव के विकास कार्यों पर मंत्री राजेश नागर सख्त, देरी करने वाले...

तिगांव के विकास कार्यों पर मंत्री राजेश नागर सख्त, देरी करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश

4
0

फरीदाबाद-:फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में मंत्री ने सड़क, सीवर, जल निकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक के दौरान राजेश नागर ने अधिकारियों से प्रत्येक विकास कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।जिन नए विकास कार्यों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके टेंडर जल्द जारी करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों को नियमित रूप से साइट का निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने को कहा।ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए राजेश नागर ने कहा कि काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। समयसीमा का पालन नहीं करने और लगातार लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।मंत्री ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विकास कार्य समय पर पूरे होने से आम जनता को सीधे लाभ मिलेगा।बैठक में भाजपा नेता सुधीर नागर, नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार प्रजापति, जॉइंट कमिश्नर अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सहित पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि, एसडीओ, जेई और संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here