Palwal,17 December-:पलवल से इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को संगठनात्मक स्तर पर नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।पार्टी हाईकमान द्वारा सुनीता सौरोत को पलवल जिला महिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने एक प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है,उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी।
सुनीता सौरोत ने कहा कि इनेलो पार्टी महिलाओं को पूरा सम्मान और भागीदारी देती है,यही वजह है कि आज महिलाएं पार्टी से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जननायक ताऊ देवीलाल की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीब वर्ग को पार्टी से जोड़ा जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जिससे आमजन परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है और शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है।इस मौके पर इनेलो पार्टी के जिला अध्यक्ष महेंद्र चौहान ने सुनीता सौरोत की नियुक्ति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि सुनीता सौरोत के नेतृत्व में पलवल जिला में महिला संगठन को नई दिशा मिलेगी और पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इनेलो पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंच रही हैं और प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उदयवीर सहरावत ने भी पार्टी की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि इनेलो में लगातार नए लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इनेलो हरियाणा की राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगी और सत्ता में आकर सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।प्रेसवार्ता में युवा जिलाध्यक्ष राहुल शर्मा, सुनील रजोलका सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।







