Ambala,17 December— अम्बाला छावनी में प्रतिदिन लाखों यात्रियों को होने वाली असुविधा जल्द ही दूर होने जा रही है।हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के बीच सुरक्षित व सुगम आवागमन के लिए आधुनिक अंडरपास का निर्माण किया जाएगा।इस अंडरपास के बनने से यात्रियों को व्यस्त जीटी रोड पार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सीधे बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक आ-जा सकेंगे।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा इस परियोजना की विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है।अंडरपास का निर्माण रेलवे और हरियाणा रोडवेज क्षेत्र में भी प्रस्तावित है,जिसके लिए संबंधित विभागों को एनओसी का प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही स्वीकृति प्राप्त होगी,निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि यह परियोजना उनकी मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा स्वीकृत की गई थी।अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन उत्तर भारत के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है,जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं।वहीं,ठीक सामने स्थित बस स्टैंड से सैकड़ों बसों का संचालन होता है।दोनों के बीच जीटी रोड होने के कारण यात्रियों को भारी ट्रैफिक के बीच सड़क पार करनी पड़ती है,जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
एनएचएआई की योजना के अनुसार अंडरपास की लंबाई लगभग 60 मीटर होगी। यह बस स्टैंड के जीटी रोड की ओर स्थित आउट गेट से शुरू होकर रेलवे स्टेशन के एस्केलेटर के पास तक बनेगा। अंडरपास में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी और बरसात के मौसम में जलभराव से बचाव के लिए आधुनिक पंप सेट लगाए जाएंगे।परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह अंडरपास अम्बाला छावनी के विकास और यात्री सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है,जिससे न केवल यात्री बल्कि स्थानीय नागरिक भी सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ उठा सकेंगे।







