अंबाला | अंबाला डिपो ने राजस्थान के गोगा जी धाम बागड़ के लिए दो स्पेशल बसें शुरू की हैं। एक बस बराड़ा से और दूसरी बागड़ से रवाना होगी। बराड़ा से बस सुबह 8 बजे चलेगी, इसके बाद अंबाला छावनी 9 बजे, अंबाला सिटी 9:30 बजे, फिर कैथल और हिसार होते हुए करीब साढ़े छह घंटे में गोगा जी धाम पहुंचेगी।
किराया:
- बराड़ा से: 355 रुपये
- अंबाला छावनी से: 320 रुपये
- अंबाला सिटी से: 310 रुपये
हर साल सावन और भाद्रपद में गोगा जी धाम में विशाल मेला लगता है। अंबाला से श्रद्धालु अब तक कई बार कुरूक्षेत्र या कैथल होते हुए बस पकड़ते थे, जिससे उन्हें परेशानी होती थी।
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए परिवहन विभाग ने सीधी बस सेवा शुरू की है। मंगलवार को बराड़ा बस अड्डे से बस की शुरुआत की गई। क्षेत्रवासियों ने बस का गर्मजोशी से स्वागत किया और चालक रविंद्र पाल सिंह तथा परिचालक अश्वनी कुमार को फूलमालाओं से सम्मानित किया। अब श्रद्धालु आसानी से बराड़ा और बागड़ से बस पकड़कर गोगा जी महाराज के दर्शन कर सकते हैं।







