सुन्दर कुंडू, पलवल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में पलवल जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। स्कूलों में सुबह 7 बजे से 8 बजे तक बच्चों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जसवीर तेवतिया ने बताया कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन की ओर से विस्तृत प्रशिक्षण शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस वर्ष योग दिवस “स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग” थीम के साथ मनाया जाएगा। योग दिवस को सफल बनाने के लिए जिलेभर में योग प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 8 जून से 10 जून तक जिले में “योग जागरूकता यात्राएं” निकाली जाएंगी। ये यात्राएं प्रत्येक गांव तक पहुंचकर लोगों को योग के महत्व और इसके लाभों के प्रति जागरूक करेंगी। इसके अलावा 11 जून से 13 जून तक तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे।
जिला स्तर पर 15 जून को योग संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जबकि 16 जून से 18 जून तक जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 19 जून को योग संगोष्ठी और सेमिनार का आयोजन होगा। वहीं 20 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की फुल रिहर्सल की जाएगी।
जसवीर तेवतिया ने बताया कि 21 जून को नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों, संस्थानों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। योग दिवस की तैयारियों के तहत 30 और 31 मई को योग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।







