हरियाणा | हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। हल्की बारिश के बाद प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में भले ही 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक बना हुआ है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही गर्मी की हल्की दस्तक महसूस होने लगी है। कई जिलों में तेज धूप के कारण दोपहर के समय गर्मी का अहसास हुआ।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो इसका असर गेहूं की फसल पर पड़ सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि न्यूनतम तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। बीते दिन प्रदेश के 14 जिलों में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसी को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों में हल्की सिंचाई का प्रबंधन तापमान के अनुसार करें।
जानकारी के मुताबिक न्यूनतम तापमान में औसतन 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस करनाल और सोनीपत के सारागढ़ स्थित कैनाल रेस्ट हाउस में दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने और फसल की स्थिति के अनुसार समय पर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।







