चंडीगढ़ | हरियाणा में अब अधिकारी अगर गांव के पंच-सरपंच या वार्ड पार्षद जैसे जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाएंगे तो उन्हें नतीजा भुगतना पड़ेगा। PWD और पब्लिक हेल्थ मंत्री रणबीर गंगवा ने इसको लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चाहे कोई सांसद, विधायक हो या पंचायत स्तर का प्रतिनिधि – सभी की बात सुनी जाए और फोन रिसीव करना अनिवार्य होगा।
मंत्री ने कहा कि SDO, XEN से लेकर JE स्तर तक के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनप्रतिनिधि सीधे जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए उनकी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी की शिकायत मिलती है कि उसने फोन नहीं उठाया या अभद्रता की, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही गंगवा ने विभागीय अधिकारियों को चेताया कि वे आम जनता और जनप्रतिनिधियों से शालीनता से पेश आएं। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी जनता की सेवा के लिए हैं, और लापरवाही या अहंकार को सरकार किसी भी कीमत पर नहीं सहेगी।







