Home Haryana सीईटी-2025: प्रदेशभर में शुरू हुई परीक्षा, पारदर्शिता और सुविधाओं पर खास जोर

सीईटी-2025: प्रदेशभर में शुरू हुई परीक्षा, पारदर्शिता और सुविधाओं पर खास जोर

136
0

नूंह |  हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि सीईटी परीक्षा-2025 का आयोजन पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। लगभग 13.50 लाख उम्मीदवार इस परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं। सरकार और प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त परिवहन, अस्थाई आवास, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है।

शनिवार को नूंह के पुलिस लाइन स्थित डीएवी स्कूल और राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल-1 में बने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे चेयरमैन ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान परीक्षार्थियों से भी बातचीत की गई, जिन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

हिम्मत सिंह ने कहा कि नूंह में पहली बार सीईटी परीक्षा करवाई जा रही है, जिसके लिए जिला प्रशासन ने भी सराहनीय प्रबंध किए हैं। परीक्षार्थियों को बस स्टैंड से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए शटल बस सेवा भी उपलब्ध करवाई गई है।

प्रवेश पत्र न मिलने की शिकायतों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन में त्रुटियां कीं या दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं किए, उन्हें प्रवेश पत्र जारी नहीं हो सके। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में ऐसे उम्मीदवार आवश्यक सावधानी बरतेंगे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here