Home Haryana तेल बचत की अपील पर घिरी केंद्र सरकार, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव...

तेल बचत की अपील पर घिरी केंद्र सरकार, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने साधा निशाना

2
0

यमुनानगर,परवेज खान-:यमुनानगर के जिमखाना क्लब में आयोजित कांग्रेस जिला अध्यक्षों की बैठक में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने,नगर निगम चुनाव में मिली हार की समीक्षा और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान राव नरेंद्र सिंह ने देश की आर्थिक स्थिति,विदेश नीति और बीजेपी सरकार की कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े किए।

मीडिया से बातचीत करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तेल बचत संबंधी अपील पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जनता से तेल बचाने की बात करना इस ओर इशारा करता है कि देश आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम जनता पर बोझ डाल रही है और देश की आर्थिक स्थिति को संभालने में असफल साबित हो रही है।राव नरेंद्र सिंह ने भारत की विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भारत जैसे मजबूत और स्वतंत्र देश को किसी दूसरे राष्ट्र के दबाव में फैसले नहीं लेने चाहिए।उन्होंने अमेरिका का नाम लेते हुए कहा कि यह भारत का आंतरिक और रणनीतिक मामला है कि वह किस देश से कितना तेल खरीदे। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार विदेशी दबाव में काम कर रही है और राष्ट्रीय हितों से समझौता कर रही है।हरियाणा की राजनीति में चल रही चर्चाओं के बीच कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर भी राव नरेंद्र सिंह से सवाल किया गया।इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि कांग्रेस पार्टी में उन सभी नेताओं का स्वागत है जो पार्टी की विचारधारा और नीतियों में विश्वास रखते हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर बीजेपी द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी राव नरेंद्र सिंह ने खुलकर प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशहित के मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं और उनका नेतृत्व देश के लिए सकारात्मक संकेत है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी निस्वार्थ भाव से राजनीति कर रहे हैं और जनता की आवाज बनने का काम कर रहे हैं।

बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सत्ता में आने से पहले बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर कई बड़े घोटालों के आरोप लगाए थे,लेकिन आज तक कोई भी आरोप साबित नहीं कर पाई।उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल आरोपों की राजनीति करती है और जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है,जबकि कांग्रेस हमेशा लोगों के मुद्दों को उठाने और जनहित में काम करने की राजनीति करती रही है।यमुनानगर में हुई इस अहम बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्षों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पार्टी आने वाले समय में प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here