अंबाला | हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज एक बार फिर अपने तीखे तेवरों को लेकर सुर्खियों में हैं। वीरवार को अंबाला कैंट में बारिश से पहले की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विज ने जब गब्बर नालों की सफाई और निर्माण कार्य की स्थिति देखी, तो वे अधिकारियों और ठेकेदारों पर जमकर बरसे।
निरीक्षण के दौरान विज ने साफ शब्दों में कहा, “काम की ऐसी की तैसी, मुझे लोगों की जान की फिक्र है।” विज ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर तय समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो बख्शा नहीं जाएगा।
काम की धीमी रफ्तार पर मंत्री का गुस्सा
गब्बर नालों की सफाई और निर्माण कार्य में अनियमितता देखने के बाद विज ने कहा कि बरसात का सीजन नजदीक है, और किसी भी तरह की लापरवाही लोगों की जान के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल कागजों पर नहीं, जमीन पर नजर आने वाला काम चाहिए।
विज ने यह भी संकेत दिए कि अगर अगली बार निरीक्षण में लापरवाही दिखी तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।







