यमुनानगर (अंकुर कपूर): एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे के तहत गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज करवाने का उद्देश्य लेकर रादौर के गांव खेड़की ब्राह्मणान निवासी कृष्ण कुमार कश्मीर से कन्याकुमारी तक की पैदल यात्रा शुरू करेंगे। जिसकी शुरुआत 5 जनवरी को कन्याकुमारी से होगी और समापन कश्मीर के लाल चौंक पर होगा। उनकी यह पदयात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरेगी और करीब 4 हजार किलोमीटर का सफर 50 दिनों में तय करने का लक्ष्य रखा गया है।
बुधवार को रादौर में यात्रा संबंधी जानकारी देते हुए कृष्ण कुमार ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत एक भारत, श्रेष्ठ भारत नारे के साथ वह कश्मीर से कन्याकुमारी की पदयात्रा पर निकलेगें। यह पदयात्रा 12 राज्यों से होती हुई तकरीबन 4 हजार किमी का सफर तय करेगी। वे प्रतिदिन 80 से 90 किमी की दूरी तय करेंगे। उनकी इस पदयात्रा का मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे को बुलंद करते हुए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज करवाना है।
उन्होंने बताया कि वह इसी वर्ष आजादी के अमृत महोत्सव के तहत तीन महीने में 3 बड़ी पदयात्राएं कर चुके है। जिसमें 12-13 जून को 26 घंटे 44 मिनट में 140.6 किमी की नान स्टाप पदयात्रा, 01 से 11 जुलाई तक 10 दिन में रायपुर के चंदखुरी माता कौशल्या मंदिर से जगन्नाथ पुरी की 603.5 किमी और 16 दिन में 1094.54 किमी से अधिक की पदयात्रा शामिल है। जोकि इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज हो चुकी है।
गांव के युवा कृष्ण कुमार द्वारा शुरू की जाने वाली पदयात्रा को लेकर ग्रामीणों में भी काफी उत्साह है। गांव खेड़की ब्राह्मणान निवासी धनपत सैनी ने कहा कि गांव के युवा द्वारा शुरू की जाने वाली यह यात्रा राष्ट्रीयता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की जाएगी, जिसकी सफलता के लिए ग्रामीणों में काफी उत्साह है और वह इस पदयात्रा के सफल होने की कामना कर रहे है।







