कैथल | जिले के बरेटा गांव में दो लड़कों की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने दोनों लड़कों की बेरहमी से हत्या कर उनके शव एक नाले में फेंक दिए। सोमवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने दोनों शवों को देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतकों की पहचान कराई। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्याकांड की जांच शुरू कर दी गई है।
घर से निकले, फिर लौटे नहीं
मृतकों की पहचान 14 वर्षीय प्रिंस और अरमान के रूप में हुई है, जो बरेटा गांव के निवासी थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों किशोर 18 मई की शाम करीब 5 बजे घर से निकले थे लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। काफी देर इंतजार के बाद परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। इससे स्पष्ट है कि यह हत्या पूर्व नियोजित तरीके से की गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, कातिलों का अब तक कोई सुराग नहीं
पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों का कोई सुराग मिल सके। साथ ही, मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। हालांकि, अभी तक हत्यारों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जल्द ही इस मामले में खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।







