चंडीगढ़ | हरियाणा में शनिवार को अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
IMD के मुताबिक, 27 जुलाई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में दोबारा मॉनसून सक्रिय होने के आसार हैं। इसे देखते हुए अंबाला और यमुनानगर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक हरियाणा में सामान्य से 19% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 472.3 मिमी दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश कैथल में सिर्फ 95.9 मिमी रही। इसके अलावा महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और चरखी दादरी में भी 300 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है।







