9 July, Palwal- गौरक्षा से जुड़े एक मामले में चर्चा में रहे लोकेश सिंगला ने सोमवार को ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बजरंग दल के तीन सदस्यों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। मृतक ने वीडियो में स्पष्ट किया कि उसे झूठे केस में फंसाने और धमकाने के चलते वह यह कदम उठा रहा है।
घटना की पुष्टि करते हुए जीआरपी होडल चौकी प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने वीडियो में बताए गए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि वे जल्द ही लिखित शिकायत सौंपेंगे।
वीडियो में लोकेश कहता है, “मैंने नासिर और जुनेद को नहीं मारा… मैं सिर्फ गोरक्षा कर रहा था… लेकिन अब मैं अपने ही लोगों से परेशान हूं।” गौरतलब है कि लोकेश का नाम 2023 में राजस्थान में हुए चर्चित नासिर-जुनेद हत्याकांड में भी सामने आया था, जिसके बाद से वह विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
मृतक लोकेश सिंगला मूल रूप से नूंह जिले के बिछोर गांव का निवासी था, और फिलहाल होडल के पुन्हाना मोड़ क्षेत्र में रह रहा था। वह विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं।चौकी प्रभारी ने बताया कि यदि वायरल वीडियो में बताए गए आरोपों की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।







