अंबाला:हरियाणा में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।’देश बचाओ,वोट बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस अब प्रदेशभर में जनता के बीच जाकर वोट चोरी के आरोपों को उठा रही है।इसी कड़ी में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में कांग्रेस की ओर से विशाल रोष मार्च और जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।वहीं,23 नवंबर को अंबाला छावनी स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और वरिष्ठ नेता राव नरेंद्र कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें संबोधित करेंगे।इसके अलावा पार्टी ने बूथ स्तर पर कथित वोट चोरी से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाने के लिए ‘वोट रक्षक ऐप’ का भी सहारा लिया है।
कांग्रेस ने ‘देश बचाओ, वोट बचाओ’ अभियान के तहत वोट चोरी के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चाबंदी तेज कर दी है।पार्टी नेताओं का कहना है कि इस अभियान के जरिए आम जनता को वोट के अधिकार और लोकतंत्र की मजबूती को लेकर जागरूक किया जा रहा है।इसी अभियान के तहत 26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंचकूला में विशाल रोष मार्च और जनसभा आयोजित की जाएगी।इस आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अंबाला छावनी स्थित कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष परविंदर परी ने जानकारी दी।उन्होंने बताया कि पंचकूला में होने वाले कार्यक्रम से पहले 23 नवंबर को कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और राव नरेंद्र अंबाला पहुंचेंगे। दोनों नेता कांग्रेस भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और अभियान को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।इस दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी जा सकती हैं।
वहीं,वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने बूथ स्तर पर जानकारी एकत्रित करने के लिए ‘वोट रक्षक ऐप’ का इस्तेमाल शुरू किया है।जिला अध्यक्ष परविंदर परी के मुताबिक,पार्टी की ओर से प्रत्येक बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त किया गया है। इनकी जिम्मेदारी अपने-अपने बूथ का डाटा जुटाना और मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों की जानकारी ऐप पर अपलोड करना है।उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से वोटर लिस्ट से काटे जाने की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित मामले का विवरण जुटाया जाएगा।इसके अलावा ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति का वीडियो बनाकर ऐप पर अपलोड किया जाएगा, ताकि जानकारी पार्टी हाईकमान तक पहुंचाई जा सके।कांग्रेस का कहना है कि इस प्रक्रिया के जरिए बूथ स्तर पर सामने आने वाली शिकायतों को एकत्रित कर उन्हें पार्टी नेतृत्व के सामने रखा जाएगा।







