कैथल,बलिंदर कुमार।कैथल जिले में एक बॉक्सिंग कोच पर जानलेवा हमला करने की साजिश रच रहे दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।रविवार अलसुबह पूंडरी-नैना रोड पर एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।पुलिस ने दोनों को मौके पर काबू कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती करवाया। आरोपियों की पहचान गांव करोड़ा निवासी टिंकू और अभिषेक के रूप में हुई है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि शनिवार रात एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक बाइक पर सवार होकर इलाके में किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूंडरी-नैना रोड पर निगरानी बढ़ाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।इसी दौरान पुलिस का सामना बाइक सवार दोनों संदिग्धों से हो गया।मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी,जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर अस्पताल पहुंचाया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गांव भाना स्थित खेल नर्सरी में तैनात एक बॉक्सिंग कोच का कुछ दिन पहले गांव करोड़ा के कुछ व्यक्तियों के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद की रंजिश रखते हुए टिंकू और अभिषेक ने रविवार सुबह खेल नर्सरी में पहुंचकर कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस को समय रहते सूचना मिलने से संभावित वारदात टल गई।
डीएसपी के अनुसार दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। टिंकू के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित रोहतक, गुरुग्राम और कैथल समेत विभिन्न जिलों में करीब 7 से 8 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वहीं अभिषेक के खिलाफ भी 3 से 4 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की गहनता से जांच कर रही है। मुठभेड़, हथियारों और कोच पर हमले की साजिश से जुड़े सभी पहलुओं को लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







