सोनीपत | जिले की क्राइम यूनिट कुंडली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त भारी मात्रा में इंजेक्शन और टैबलेट बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीम ने की योजनाबद्ध घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, क्राइम यूनिट कुंडली में तैनात एएसआई सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। टीम में एएसआई मनोज कुमार, सिपाही मोहित, सिपाही संदीप और चालक एएचसी वीरेंद्र भी शामिल थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ऋषि नगर निवासी सोनू कालरा प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के लिए रेलवे रोड से गीता भवन चौक की ओर जा रहा है।
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की तलाशी एसीपी खरखौदा जीत सिंह और ड्रग कंट्रोल अधिकारी मुंशी राम की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो डिब्बों में ट्रामाडोल युक्त 100 इंजेक्शन और अन्य दो डिब्बों में 600 टैबलेट बरामद हुईं।
फोरेंसिक सील के साथ दर्ज हुई एफआईआर
पुलिस के अनुसार, बरामद इंजेक्शन 2 मिलीलीटर के थे, जिनका कुल वजन 200 ग्राम और टैबलेट्स का वजन 289.2 ग्राम आंका गया है। एसीपी और ड्रग कंट्रोल अधिकारी की निगरानी में दवाओं को फोरेंसिक सील लगाकर जब्त किया गया। आरोपी सोनू के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्ती के संकेत
पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि नशा विरोधी अभियान लगातार चल रहा है और इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी इस नेटवर्क में कब से शामिल था और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं।







