भिवानी (अंकुर कपूर): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को भिवानी को साढ़े 31 करोड़ रुपए की सौगात दी। इन चार परियोजनाओं का कृषि मंत्री जेपी दलाल ने उद्घाटन व शिलान्यास कर सरकार व सीएम खट्टर की सराहना कर कर्ज व बेरोज़गारी को लेकर विपक्ष पर पलटवार किए। बता दें कि सीएम ने गुरुग्राम के धनवापुर गांव से प्रदेश को 10468 करोड़ रुपए की 945 परियोजनाओं की वर्चुअल माध्यम से सौगात दी, जिसमें भिवानी को 31.45 करोड़ रुपए की चार परियोजनाएं मिली।
इनमें तोशाम बाइपास पर 22.74 करोड़ रुपए की लागत से बने रेलवे ओवर ब्रिज का उद्घाटन, कैरू गांव में 1.48 करोड़ रुपए, बहल में 4.09 करोड़ रुपए तथा बापोड़ा गांव में 3.12 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले स्कूलों के नए भवनों का शिलान्यास किया गया। इस दौरान पंचायत भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसके बाद मीडिया से मुखातिब होते कृषि मंत्री ने कहा कि सीएम बिना किसी भेदभाव व क्षेत्रवाद के प्रदेश का समान विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम ने ऐसी नीतियां बनाई हैं लोगों को अब काम के लिए नेताओं व बिचौलिये के पीछे भागने की जरूरत नहीं।
पीपीपी को लेकर हो रही परेशानी पर कहा कि किसी भी जरूरतमंद को सरकार की योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और गलत तरीके से किसी को फायदा नहीं उठाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार विकास करने में लगी है और विकास के लिए जरूरत पड़ी तो और कर्ज लिया जाएगा। साथ ही कहा कि हरियाणा की जनता नहीं बल्कि लोगों का हक खाने वाले कांग्रेसी बेरोजगार हुए है। विधायक घनश्याम सर्राफ भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विकास पुरूष है ओर मुख्यमंत्री ने विकास के लिए भिवानी को आज कई परियोजना दी है जो कि विकास के नए आयाम साबित करेगी।







