Home Haryana दिल्ली में अनिल विज और मनोहर लाल की मुलाकात, अंबाला-चंडीगढ़ मेट्रो परियोजना...

दिल्ली में अनिल विज और मनोहर लाल की मुलाकात, अंबाला-चंडीगढ़ मेट्रो परियोजना पर हुई चर्चा

153
0

चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा व आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। इस दौरान विज ने अंबाला से चंडीगढ़ के बीच मेट्रो रेल परियोजना शुरू करने का औपचारिक आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एक केंद्र शासित प्रदेश होने के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी भी है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में मेट्रो सेवा जरूरी हो गई है।

मेट्रो परियोजना पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन

विज और मनोहर लाल के बीच इस विषय पर विस्तृत बातचीत हुई। केंद्रीय मंत्री ने इस सुझाव पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया। बातचीत के बाद विज ने मीडिया से कहा कि अंबाला-चंडीगढ़ रोड पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है और वैकल्पिक सार्वजनिक परिवहन की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि वे जनता की सुविधा के लिए इस मांग को बार-बार उचित मंचों पर उठाते रहेंगे।

राज्य के ट्रांसफार्मरों का हो चुका है ज्यादातर अगमेंटेशन

गर्मी में बिजली कटौती से जुड़े सवालों पर विज ने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता मांग के अनुरूप नहीं थी, जिससे सप्लाई बाधित होती थी। ऊर्जा मंत्री बनने के बाद उन्होंने सभी ट्रांसफार्मरों के सुदृढ़ीकरण (अगमेंटेशन) के आदेश दिए थे और अब तक अधिकांश ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा चुकी है।

हिसार और पानीपत में लगेंगी नई थर्मल यूनिटें

उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यमुनानगर में एक नई थर्मल यूनिट की आधारशिला रखी है। इसके साथ ही हिसार और पानीपत में भी नई थर्मल यूनिट्स स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा एक न्यूक्लियर पावर प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया भी चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here