अंबाला | अंबाला शहर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब मुंबई और विदेशी शहरों की तर्ज पर यहां भी ओपन और डबल डेकर बसें चलाई जाएंगी। यह बसें पर्यटकों को शहीद स्मारक, विज्ञान केंद्र, बैंक स्क्वायर, रानी का तालाब होते हुए सुभाष पार्क तक घुमाएंगी।
इस योजना की जानकारी देते हुए हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि कोई भी शहर तभी आगे बढ़ता है जब बाहरी लोग वहां घूमने के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि अंबाला छावनी में इस योजना को जल्द लागू किया जाएगा, जिससे लोग शहर की ऐतिहासिकता और खूबसूरती को नजदीक से देख सकेंगे।
सुभाष पार्क बना आकर्षण का केंद्र, बढ़ेगी मनोरंजन की सुविधाएं
सुभाष पार्क अब न सिर्फ अंबाला, बल्कि पूरे हरियाणा में एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है। यहां पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसे देखते हुए मंत्री विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क में बच्चों के लिए टॉय ट्रेन और हॉट एयर बैलून जैसी मनोरंजक गतिविधियों की शुरुआत की जाए।
उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से कहा कि इन योजनाओं को जल्द से जल्द अमल में लाया जाए ताकि बच्चों और परिवारों के लिए यह पार्क और अधिक रोचक बन सके।
फूलों की बहार और झील में ताजगी लाने की तैयारी
सुभाष पार्क की सुंदरता को और निखारने के लिए मंत्री विज ने पार्क में फूलों की संख्या बढ़ाने और झील की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही झील में सजावटी मछलियां डाले जाने का भी प्रस्ताव रखा गया, ताकि झील भी दर्शकों के आकर्षण का हिस्सा बन सके।






