Home Haryana रोहतक में बेरोजगारों का अनोखा प्रदर्शन, बीजेपी के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर लगाए...

रोहतक में बेरोजगारों का अनोखा प्रदर्शन, बीजेपी के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर लगाए नारे

167
0

रोहतक (एकता): रविवार को प्रदेशभर के बेरोजगारों ने सरकार के प्रति रोष जाहिर करने के लिए रोहतक में अनोखा प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद के नेतृत्व में प्रदर्शन करने पहुंचे बेरोजगार रोहतक स्थित मानसरोवर पार्क में इकट्ठा होकर बैंड-बाजों के साथ बारातियों की शक्ल में दूल्हे की पगड़ी पहने बीजेपी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। जहां कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया।

बेरोजगारों ने बीजेपी के प्रदेश कार्यालय पर पहुंचकर सरकार विरोधी नारे लगाए और अपनी मांगे रखी। उनका कहना है कि वह बेरोजगारी से तंग आ गए हैं। इसलिए सरकार को जगाने के लिए उन्होंने इस प्रकार का प्रदर्शन किया। वहीं नवीन जयहिंद का कहना है कि सरकार बहरी हो चुकी है, विपक्ष गूंगा हो चुका है। इन सब को जगाने के लिए सभी आयु वर्ग के लोग जो सरकार की नीतियों से त्रस्त है, वह आज इस अनोखे प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार लोगों की समस्याओं का हल नहीं करती, तब तक वह इस प्रकार के प्रदर्शन पूरे प्रदेश में करते रहेंगे।

युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, वृद्धावस्था पेंशन काटी जा रही है। सरकार हर वादे से मुकर रही है। सत्ता में आने से पहले सरकार ने वादा किया था कि हरियाणा पुलिस के जवानों को वह पंजाब के बराबर वेतन देगी लेकिन 8 साल के बाद सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। सरकार की जो भी नौकरियां हैं या तो उन पर स्टे है या वह अदालत में लंबित पड़ी है। आज वह सरकार को जगाने के लिए बैंड बाजों के साथ पगड़ी पहन कर बारात की शक्ल में प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। लेकिन विडंबना है कि यहां सरकार का कोई भी नुमाइंदा उनसे नहीं मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here