नरवाना | हरियाणा के नरवाना के पुराना बाजार चौपड़पट्टी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक दुकानदार को गोली मारकर ढाई लाख रुपये लूट लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए और जाते-जाते धमकी देकर गए कि “50 लाख रुपये तैयार रखना, फिर आएंगे।”
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार सौरभ को पहले नरवाना नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख हिसार रेफर कर दिया गया।
पेट और जांघ में लगी दो गोलियां, बदमाशों ने दी जान से मारने की धमकी
पुलिस को दिए बयान में सौरभ ने बताया कि चार बदमाश घटना में शामिल थे। दो स्कूटी पर आए जबकि दो अन्य मोटरसाइकिल से बाहर खड़े रहे। बदमाशों ने दुकान में घुसकर पिस्तौल तान दी और 50 लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर सौरभ को पेट और जांघ में गोली मार दी गई और गल्ले की चाबी छीनकर बैग में रखे ढाई लाख रुपये लूट लिए।
पुलिस ने शुरू की जांच, दो बदमाशों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अमित भाटिया और सिटी एसएचओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुट गई है। पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से दो की पहचान अंकित और लक्ष्य के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







