फरीदाबाद । फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में धनतेरस की रात पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान परमजीत धनकड़ के रूप में हुई है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से आठ से नौ गोलियां परमजीत को लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, परमजीत मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी राष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और नौकरी के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे। दो दिन पहले ही वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद पहुंचे थे। उनके भांजे की शादी 24 नवंबर को होनी थी। परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात करीब आठ बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले उनके पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे के साथ गाली-गलौज की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने परिवार सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और वहां से खाली कारतूस बरामद किए। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। परमजीत के शव का पोस्टमार्टम ईएसआई मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा।







