अंबाला | पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए गए सवालों पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विज ने कहा कि कांग्रेस को देश की सेना पर भरोसा नहीं है, बल्कि उनका झुकाव उन बयानों की तरफ अधिक रहता है, जो पाकिस्तान से आते हैं।
“जब पाकिस्तान खुद मानेगा तब ही यकीन करेंगे” – विज
अनिल विज ने कहा, “कांग्रेस को सर्जिकल स्ट्राइक पर उस वक्त तक भरोसा नहीं होगा, जब तक पाकिस्तान खुद यह न कह दे कि उसके परखच्चे उड़ गए। ऐसे बयान देश की सेना का मनोबल गिराने वाले हैं और यह कांग्रेस की गद्दारी को दर्शाते हैं।”
पानी विवाद पर भी जताई नाराजगी
पंजाब द्वारा हरियाणा को पानी न देने के निर्णय पर भी अनिल विज ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब ने सर्वदलीय बैठक कर पानी रोकने का निर्णय लिया है, जो संविधान के संघीय ढांचे के खिलाफ है। विज ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “हम ऐसा करने वाले नहीं हैं, लेकिन सोचिए अगर हरियाणा पंजाब की रेल और रास्ता रोक दे तो क्या होगा?”
“छबील लगाने वाले अब पानी छीन रहे हैं”
विज ने पंजाब की सांस्कृतिक परंपरा की ओर इशारा करते हुए कहा, “पंजाब हमेशा से प्यासे को पानी पिलाने और छबील लगाने के लिए जाना गया है, लेकिन आज वही पंजाब हरियाणा के लोगों से पीने का पानी छीन रहा है। यह फेडरल ढांचे के खिलाफ है, जहाँ ‘मैं-मैं’ से नहीं, मिलकर निर्णय लिए जाते हैं।”
हरियाणा में सर्वदलीय बैठक का स्वागत
पानी के मुद्दे पर हरियाणा द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक पर भी विज ने प्रतिक्रिया दी और इसे सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि, “हम राजनीतिक मतभेदों के बावजूद प्रदेश हित में एकजुट हैं। बैठक में जो भी फैसला होगा, उस पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।”






