चंडीगढ़ | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हिसार दौरे के दौरान सुरक्षा में हुई चूक को लेकर हरियाणा सरकार ने गंभीर रुख अपनाया है। सरकार ने मामले की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश एच.एस. भल्ला की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इस कमेटी में अतिरिक्त मुख्य सचिव विजेंद्र कुमार और एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार को भी शामिल किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मांगी थी रिपोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को रिपोर्ट सौंपने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
31 मार्च को अग्रोहा में हुआ था कार्यक्रम
31 मार्च को अमित शाह हिसार के अग्रोहा में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात डीएसपी और इंस्पेक्टर अपनी निर्धारित स्थानों पर मौजूद नहीं थे। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान कई अन्य सुरक्षा खामियां भी सामने आईं।
गलत दिशा में मुड़ा काफिला, मंच पर पहुंचे अनधिकृत लोग
रिपोर्ट के मुताबिक, जब अमित शाह का काफिला अनावरण स्थल से हेलिपैड की ओर बढ़ रहा था, तो उसे तय रूट से अलग दिशा में मोड़ दिया गया। इससे काफिले को ओपी जिंदल ऑडिटोरियम के सामने से वापस लौटना पड़ा, जो कि सुरक्षा मानकों के लिहाज से बड़ी चूक मानी जा रही है।
इसके अलावा मंच तक कुछ अनाधिकृत नेता भी पहुंच गए, जिनमें से एक नेता मंच से उतर गया जबकि दो वहीं बैठे रहे। मंच के पीछे बने ग्रीन रूम में भी सुरक्षा अधिकारी की गैरमौजूदगी दर्ज की गई।
जांच रिपोर्ट जल्द सौंपेगी कमेटी
सरकार द्वारा गठित कमेटी अब पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी। इस घटना ने वीआईपी सुरक्षा प्रबंधन की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।







