हिसार | हिसार में गर्मी की तपिश के बीच अब पानी की भारी किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शहर के जलघरों में सिर्फ 10 दिन की पानी की स्टॉक बचा है। वहीं, भाखड़ा नहर से सप्लाई बंद होने के चलते जल संकट और गहराता जा रहा है। नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के सामने अब पानी को बचाने और सीमित मात्रा में बांटने की चुनौती खड़ी हो गई है।
अब एक दिन छोड़कर मिलेगी पानी की सप्लाई
पब्लिक हेल्थ विभाग ने ऐलान किया है कि शहरवासियों को अब एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई दी जाएगी, वो भी दिन में सिर्फ एक बार। इस निर्णय के चलते कई सेक्टरों और कॉलोनियों में हाहाकार की स्थिति बन गई है।
टैंकर सेवा पर भी संकट, ठेकेदार ने काम बंद किया
HSVP द्वारा नियुक्त टैंकर सप्लाई ठेकेदार ने 20 लाख रुपये का भुगतान न मिलने के चलते अपनी सेवाएं रोक दी हैं। अब तक यह ठेकेदार प्रतिदिन लगभग 150 घरों को पानी पहुंचा रहा था, लेकिन भुगतान अटका होने के कारण टैंकरों का संचालन बंद हो गया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
पुराने शहर में हालात ज्यादा खराब
हिसार के पुराने इलाकों में तो हालात और गंभीर हैं। वहां सिर्फ 4 से 5 दिन की पानी की स्टॉक बचा है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने लगे हैं।
मेयर ने बुलाई आपात बैठक
हालात की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के मेयर प्रवीण पोपली ने गुरुवार को डीसी और संबंधित विभागों की आपात बैठक बुलाई है। बैठक में जल संकट से निपटने और वैकल्पिक उपायों पर चर्चा की जाएगी।







