यमुनानगर,परवेज खान-:शहर के प्रतिष्ठित मॉडल टाउन क्षेत्र में एक कपड़ों के शोरूम में चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।हैरानी की बात यह है कि घटना विधायक आवास और पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित इलाके में हुई। शातिर चोर शोरूम में डक्ट के रास्ते दाखिल हुआ और करीब 80 हजार रुपये की नकदी के साथ तीन मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन स्थित नजाकत शोरूम को देर रात निशाना बनाया गया। आरोपी शोरूम की तीसरी मंजिल पर बने बाथरूम के डक्ट से अंदर घुसा और धीरे-धीरे काउंटर तक पहुंच गया। वहां रखे गल्ले से नकदी निकालने के बाद उसने तीन मोबाइल फोन भी चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से बाहर निकल गया।मंगलवार सुबह जब शोरूम संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर चोरी का खुलासा हुआ,जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस, जांच अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की।सीसीटीवी फुटेज में आरोपी चोरी करता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है। प्रारंभिक जांच में घटना का समय सुबह करीब साढ़े तीन बजे बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इस तरह की चोरी चिंताजनक है और इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।







