अम्बाला, 17 मार्च-भारतीय जनता पार्टी ज़िला अंबाला के पुर्व कोषाध्यक्ष व भाजपा नेता आशीष तायल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा अपने शासनकाल के प्रथम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह “नायाब हरियाणा का नायाब बजट” है। आशीष तायल ने कहा कि इस बजट में प्रत्येक वर्ग चाहे वो गरीब हो, किसान हो, विद्यार्थी हो, व्यापारी हो, मजदूर वर्ग हो, बुजुर्ग हों या महिलाएं हों सबके कल्याण के लिए बहुत ही उत्कृष्ट घोषणाएं की गई हैं जिससे प्रत्येक वर्ग को लाभ होगा और उनके कल्याण के लिए यह घोषणाएं वरदान साबित होंगी।
आशीष तायल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चुनाव पूर्व जो घोषणाएं संकल्प पत्र के माध्यम से की गई थी इस बजट में उनको कार्यान्वयन करने की झलक भी नज़र आती है। बजट पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा हरियाणा की अर्थव्यवस्था के हितधारकों से विमर्श करके उनके सुझावों को बजट में शामिल करना भी एक सकारात्मक कार्य था जिसकी झलक इस बजट में स्पष्ट नज़र आई। इसके इलावा आनलाईन पोर्टल द्वारा मिले सुझावों पर भी इस बजट में कार्य किया गया है।
डिपार्टमेंट आफ फ्यूचर नाम से नया विभाग बनाने की घोषणा
आशीष तायल ने बताया कि इस बजट में अनेक ऐसे प्रस्ताव हैं जिससे हरियाणा उभरती हुई वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का मजबूती से मुकाबला कर पायेगा। इसके लिए हरियाणा को भविष्य सक्षम बनाने के लिए डिपार्टमेंट आफ फ्यूचर नाम से एक नया विभाग बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई है। इसके इलावा Haryana AI Mission की स्थापना द्वारा प्रदेश के 50,000 से अधिक युवा और पेशेवर अत्याधुनिक तकनीक में प्रशिक्षित होंगे जिससे उनको रोजगार के लिए नये अवसर उपलब्ध होंगे। कृषि क्षेत्र की बेहतरी के लिए कैसे किसानों की लागत कम हो और उनकी फसलों की पैदावार को बढ़ाकर हर फसल को एम एस पी पर खरीदना इस बजट की प्राथमिकताओं में से एक हैं ताकि किसान भाईयों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। कृषि प्रधान प्रदेश के मद्देनजर किसानों के उत्थान के लिए इस बजट में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अनेकों घोषणाएं की हैं।
सुशिक्षित हरियाणा के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने यह ध्यान रखा कि प्रदेश के हर शिशु, हर किशोर, हर किशोरी, हर यावक और हर युवती को अत्याधुनिक एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिले। इसके लिए भी विभिन्न प्रकार की घोषणाएं की गई जिसमें मुख्यमंत्री युवा कौशल सम्मान योजना, मुख्यमंत्री कौशल पदक सम्मान विजेता, कल्पना चावला छात्रवृत्ति योजना जैसी अनेकों योजनाएं हैं। स्वस्थ हरियाणा के अंतर्गत हरियाणा में हर जिले में एक मैडीकल कालेज की घोषणा से डाक्टर बनने के इच्छुक युवाओं को भारी लाभ होगा। इसके इलावा आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धतियों पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके इलावा औद्योगिक इकाइयों में निवेश को बढ़ावा देने पर भी इस बजट में जोर रहा इसके साथ ही उद्योग को हरियाणा में सरल व सुगम बनाया जाये इसके लिए विभिन्न स्कीमों की घोषणा की गई है। सूक्ष्म, छोटे तथा मध्यम उद्योगों के उत्थान के लिए भी कार्य किया गया। सबके लिए आवास के अंतर्गत प्रत्येक जरुरतमंद को किफायती दरों पर पक्के मकान मिल सकें इसके लिए भी योजना का ऐलान किया गया। महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान करके मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपना वादा पूरा किया है। इस योजना से महिलाओं के सशक्तिकरण को सुनिश्चित किया जा सकेगा।







