रोहतक : चन्द्रिका ( TSN)- भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रविवार शाम को मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में रोहतक में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर यहां हुए समारोह में मोहन लाल बड़ौली का अभिनंदन किया गया।
गौरतलब है कि राई विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोहन लाल बड़ौली को 9 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी थी। मोहन लाल बड़ौली ने वर्ष 2024 में सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से पार्टी टिकट पर चुनाव भी लड़ा था लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। मोहन लाल बड़ौली वर्ष 2021 में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री बनाए गए थे।इस दौरान संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोहन लाल बड़ौली को शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में 2 महीने बचे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होने उम्मीद जताई कि मोहन लाल बड़ौली की अगुवाई में संगठन और तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर सारे रास्ते सरल कर देंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सीधे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हरियाणा में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। आज कांग्रेस पिता और पुत्र की पार्टी बनकर रह गई है। इसी वजह से कांग्रेस के बड़े नेता पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा को यात्रा निकालने से पहले इस बात का जवाब देना चाहिए कि दस साल के कार्यकाल में क्या काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो जाएगा।वहीं, मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने 10 वर्ष अच्छा काम किया है। आगे भी इससे बेहतर काम करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनता के बीच से आए हैं। मुख्यमंत्री रात 2 बजे तक काम करते हैं। बड़ौली ने दावा किया कि तीसरी बार कार्यकर्ताओं के दम पर एक बार फिर हरियाणा में सरकार बनेगी।







