Home Haryana डी-पार्क अग्निकांड: 3 की मौत, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

डी-पार्क अग्निकांड: 3 की मौत, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

3
0

रोहतक | रोहतक के डी-पार्क क्षेत्र में  दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक जूते के शोरूम सहित करीब 10 दुकानों में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

मृतकों में 19 वर्षीय सौरभ उर्फ रोहित और 38 वर्षीय अमन की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक के शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। आग इतनी भयावह थी कि कुछ लोग इसकी चपेट में आने के बाद बाहर नहीं निकल सके।

घटना पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा हादसे में घायल लोगों और प्रभावित परिवारों को 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि सभी घायलों का सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपचार कराया जाएगा। साथ ही रोहतक के उपायुक्त को आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन और राहत एजेंसियां घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं, जबकि प्रभावित व्यापारियों और परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here