Home Palwal पलवल में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा, मंत्रियों...

पलवल में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा, मंत्रियों ने किया नमन

1
0

पलवल,सुंदर कुंडू -:नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम, पलवल में रविवार को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई।कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।इस अवसर पर हुड्डा सेक्टर-2 से इंडोर स्टेडियम तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई,जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम स्थल पर दोनों मंत्रियों का पगड़ी पहनाकर और फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति हैं,जिन्होंने समाज सेवा,धर्म संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा अहिल्याबाई होल्कर के 300वें जन्मवर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं,ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा ले सके।विपुल गोयल ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने काशी विश्वनाथ,सोमनाथ,अयोध्या, मथुरा, गया और रामेश्वरम सहित देश के अनेक प्रमुख तीर्थस्थलों पर मंदिरों का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महापुरुष किसी एक जाति या वर्ग के नहीं होते, बल्कि पूरे समाज की धरोहर होते हैं। भाजपा सरकार ने विभिन्न महापुरुषों की जयंती मनाकर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि एक महिला शासक होने के बावजूद अहिल्याबाई होल्कर ने साहस, नेतृत्व और दूरदर्शिता का परिचय देते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल कायम की। शोभायात्रा जैसे आयोजनों से युवाओं को उनके जीवन संघर्ष और लोकहितकारी कार्यों की जानकारी मिलती है।

वहीं खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर धर्म, न्याय,सेवा और नारी शक्ति की प्रतीक थीं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में उनके आदर्श और विचार समाज को नई दिशा देने का कार्य कर सकते हैं।गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार महापुरुषों की जयंती पर लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि समाज उनके योगदान को याद रखे और उनसे प्रेरणा प्राप्त करे। उन्होंने लोगों से महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि बघेल समाज द्वारा देवी अहिल्याबाई होल्कर भवन की मांग रखी गई है, जिस पर सकारात्मक विचार करते हुए स्थान की व्यवहार्यता जांच के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। कार्यक्रम का समापन लोकमाता के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here