Home Crime कैराना में संदिग्ध हालत में युवक का शव मिला, नशे से मौत...

कैराना में संदिग्ध हालत में युवक का शव मिला, नशे से मौत की आशंका

194
0

कैराना | यूपी के कैराना कस्बे में पानीपत-कैराना मार्ग पर स्थित एक खाली प्लॉट में गुरुवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की जेब से मोबाइल बरामद हुआ, जिसके जरिए उसकी पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी युवक के रूप में की गई। शव के पास नशे के इस्तेमाल के सामान — खाली इंजेक्शन और सिरिंज — मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत अधिक मात्रा में नशा करने से हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पानीपत-कैराना रोड पर एक प्लॉट में युवक मृत अवस्था में पड़ा है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल मिला, जिसमें कई मिस कॉल थे।

जब पुलिस ने अंतिम कॉल बैक की, तो फोन पवन नामक व्यक्ति ने उठाया। उसने युवक की पहचान अपने 27 वर्षीय बेटे अजय के रूप में की, जो हरियाणा के पानीपत जिले के शोदापुर गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार, अजय नशे का आदी था और बुधवार शाम बिना कुछ बताए घर से निकल गया था।

फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत की असली वजह जानने के लिए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में अत्यधिक नशे के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here