Palwal, 15 September -पलवल जिले के हथीन खंड के उटावड़ गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने स्कूल से लौट रहे तीन बच्चों को अपनी तेज रफ्तार कार से कुचल दिया। हादसे में अयान (5) और अहसान (7) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरजान (9) गंभीर रूप से घायल है और उसे रोहतक PGI रेफर किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी नरेश कुमार हरियाणा पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। घटना के समय वह नशे में था और नई गाड़ी चला रहा था। टक्कर मारने के बाद वह मौके से भागने लगा, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी ने झगड़ा करने की कोशिश की और पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल कर अपनी अकड़ दिखाने लगा। बाद में लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।हाल फिलहाल, घटनास्थल पर तनाव का माहौल है। आसपास के थानों की पुलिस को तैनात किया गया है। मृत बच्चों के शव नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं।बच्चों के पिता शाहबुद्दीन ने बताया कि उनका परिवार नूरिया मोहल्ले में रहता है और बच्चे निजी स्कूल गरीबा पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डाल दिया है।







