Home Haryana कैलिफोर्निया सड़क हादसे में हरियाणवी युवक की दर्दनाक मौत, केमिकल ट्रक में...

कैलिफोर्निया सड़क हादसे में हरियाणवी युवक की दर्दनाक मौत, केमिकल ट्रक में लगी आग

15
0

कैथल । जिले के गांव बाकल से दुखद खबर सामने आई है, जहां अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक सिमरनजीत सिंह की जलकर मौत हो गई। हादसे में केमिकल से लदे ट्रक में आग लगने से वह बाहर नहीं निकल सका और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह कैलिफोर्निया में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। हादसे के समय वह अपने केमिकल से भरे ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किए हुए था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक में चिंगारी उठी और केमिकल ने तुरंत आग पकड़ ली, जिससे आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि सिमरनजीत ट्रक के केबिन में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका, जिसके कारण वह आग की चपेट में आ गया।

परिजनों के मुताबिक, सिमरनजीत करीब 10 साल पहले ‘डंकी’ रूट के जरिए लगभग 50 लाख रुपये खर्च कर अमेरिका गया था। वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद लेकर विदेश पहुंचा था। वर्तमान में वह ट्रक चलाकर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। उसकी दो बहनें पहले से अमेरिका में रह रही हैं, जबकि माता-पिता और एक बहन गांव बाकल में रहते हैं।

परिवार ने बताया कि सिमरनजीत की शादी की तैयारियां चल रही थीं और उसका रिश्ता भी तय हो चुका था। घर में जल्द ही शादी की खुशियां आने वाली थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

पीड़ित परिवार ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि सिमरनजीत सिंह के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here